उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जीएसटी कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की उठाई मांग ✍🏼

न्यूज स्टेटस 24, ब्यूरो कानपुर । उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर प्रदेशभर में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन और धरना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में कानपुर नगर में भी संगठन के पदाधिकारियों ने जीएसटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर जीएसटी कार्यालय पहुंचकर अपर आयुक्त (एडिशनल कमिश्नर) सान्या छाबड़ा (आईएएस) को ज्ञापन सौंपा तथा व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।जीएसटी कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों और उद्योग जगत के समक्ष आने वाली अनेक व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में अनावश्यक नोटिस जारी किए जाने, तकनीकी एवं मानवीय त्रुटियों के आधार पर लगाए जा रहे जुर्मानों, एसआईबी जांच एवं सर्वे के दौरान होने वाली परेशानियों, जीएसटी रिफंड में देरी, ब्याज एवं पेनल्टी, ई-वे बिल संबंधी समस्याओं तथा विभिन्न वस्तुओं पर लागू जीएसटी दरों में असमानता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा तकनीकी या मानवीय त्रुटियों को सुधारने का पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जीएसटी की प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार हितैषी बनाया जाए, जिससे व्यापारियों और उद्यमियों को राहत मिल सके।बैठक में विशेष रूप से जीएसटी रिफंड में हो रही देरी, रिफंड पर ब्याज, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से संबंधित समस्याओं, परिवहन एवं ई-वे बिल की व्यवहारिक दिक्कतों तथा व्यापारियों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष व्यापारियों की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग रखी। इस पर जीएसटी अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने और सकारात्मक समाधान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।बैठक में प्रमुख रूप से श्रीमती बंदेव कुमारी “बिंदु सिंह” (प्रदेश उपाध्यक्ष), शुभांगी सिंह (महामंत्री, कानपुर महानगर), धर्मेंद्र शुक्ला (युवा जिलाध्यक्ष), अमात्य मिश्रा (युवा महामंत्री), डॉ. ज्योति चौहान (महामंत्री, महिला विंग), राहुल यादव (युवा सह मंत्री) तथा छवि (सदस्य) उपस्थित रहीं।उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश ने कहा कि संगठन प्रदेश के व्यापारियों एवं उद्यमियों के हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा।News Status 24 पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍🏼

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!