
न्यूज स्टेटस 24, अयोध्या ।अपनी नई फिल्म ‘राम की भूमि’ की शूटिंग शुरू होने से पहले अभिनेता अनुपम खेर ने बुधवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।मंदिर में हाल ही में सामने आए चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुपम खेर ने कहा कि किसी व्यक्ति की गलत हरकत को मंदिर की प्रतिष्ठा से जोड़ना उचित नहीं है। उनके अनुसार, हर स्थान पर कुछ लोग कानून तोड़ने वाले मिल सकते हैं, लेकिन इससे उस स्थान की पवित्रता या महत्व कम नहीं होता।उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और सदियों के लंबे संघर्ष के बाद यह मंदिर बना है। इसलिए कुछ व्यक्तियों के कृत्य के आधार पर पूरे मंदिर या उसकी व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं माना जा सकता।अनुपम खेर ने यह भी कहा कि श्रद्धालु भगवान के चरणों में चढ़ावा पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्पित करते हैं। ऐसे मामलों में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इससे श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की गरिमा को प्रभावित नहीं होने देना चाहिए।
