
न्यूज स्टेटस 24, ब्यूरो भदोही। पूर्वांचल की राजनीति के चर्चित पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर योगी सरकार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र स्थित उनकी करीब 100 करोड़ 25 लाख रुपये मूल्य की लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज (दाल मिल) को कुर्क कर दिया है। पुलिस का दावा है कि यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी।भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम की धारा 14(1) के तहत महाराष्ट्र के जकेकुर, थाना उमरगा, जिला धाराशिव स्थित लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज को मंगलवार को कुर्क किया गया। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित बाजार कीमत 100.25 करोड़ रुपये है।पुलिस का कहना है कि विजय मिश्रा, उनके पुत्र विष्णु मिश्रा, पत्नी रामलली मिश्रा तथा गिरोह के अन्य सदस्यों ने अपराध से अर्जित अवैध धन से विभिन्न संपत्तियां बनाई थीं। वर्ष 2022 से 2025 के बीच गैंगस्टर अधिनियम के तहत इस गिरोह की 2 अरब 41 करोड़ 29 लाख 10 हजार 480 रुपये 50 पैसे से अधिक मूल्य की संपत्तियां पहले ही कुर्क की जा चुकी हैं।भदोही पुलिस के मुताबिक विजय मिश्रा के खिलाफ 87 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामलों में न्यायालय उन्हें दोषी ठहरा चुका है। पुलिस का आरोप है कि गिरोह आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए संगठित अपराधों में संलिप्त रहा है और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी विभिन्न मामलों में सामने आई है।पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में विजय मिश्रा गिरोह के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं। पहली कार्रवाई में न्यायालय ने विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और पुत्र को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास, जबकि पुत्रवधू को 4 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही सभी पर कुल 5.26 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।दूसरी बड़ी कार्रवाई के तहत अब महाराष्ट्र स्थित 100.25 करोड़ रुपये मूल्य की दाल मिल को गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुर्क किया गया है।भदोही पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में माफिया, गैंगस्टर और संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी। News Status 24, पूरी करे सच की जिज्ञासा ।
