
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी -अयोध्या । श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, प्रतिष्ठित धार्मिक परिवार से संबंध रखने वाले सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा को ट्रस्ट का नया CEO बनाए जाने की तैयारी चल रही है।सूत्रों का दावा है कि योगेश्वर राम मिश्रा का प्रशासनिक अनुभव और धार्मिक मामलों की समझ उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। वे बाराबंकी, अयोध्या और वाराणसी के जिलाधिकारी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विंध्याचल तथा देवीपाटन मंडल के मंडलायुक्त (कमिश्नर) के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।बताया जा रहा है कि उनके नाम पर केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) तथा संत समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के बीच व्यापक सहमति बनी है। हालांकि, अभी तक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट या संबंधित सरकारी स्तर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।सूत्रों का यह भी कहना है कि यदि योगेश्वर राम मिश्रा की नियुक्ति होती है तो हाल के दिनों में विभिन्न विवादों के कारण चर्चा में रहे ट्रस्ट के प्रति रामभक्तों का विश्वास और अधिक मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा।फिलहाल सभी की निगाहें ट्रस्ट की ओर से होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। NEWS STATUS 24 भी इस खबर पर लगातार नजर बनाए हुए है और आधिकारिक पुष्टि होते ही विस्तृत जानकारी साझा करेगा।
