
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी – भोपाल ।मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कई अधिकारी स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा बताने लगे हैं।विजयवर्गीय ने कहा, “अब हर अधिकारी कहता है कि मैंने भी RSS की पट्टी बांधी है, चड्डी पहनी है। कोई कहता है कि मेरे पिताजी संघ जाते थे, कोई कहता है कि वे संघ के अध्यक्ष थे।” उन्होंने इस टिप्पणी के जरिए संकेत दिया कि सत्ता परिवर्तन के बाद कई लोग स्वयं को संघ की विचारधारा से जोड़कर प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं।उन्होंने आगे कहा कि “संघ में भीड़ तो बढ़ी है, लेकिन अच्छे लोगों की कमी होती जा रही है। संगठन और विचारधारा का विस्तार तभी सार्थक है, जब अच्छे और समर्पित कार्यकर्ता भी तैयार हों।” उनके इस बयान को संगठन के भीतर आत्ममंथन और कार्यकर्ताओं की गुणवत्ता पर चिंता के रूप में देखा जा रहा है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजयवर्गीय का यह बयान केवल संघ के विस्तार पर टिप्पणी नहीं, बल्कि सत्ता और संगठन के संबंधों पर भी एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा सकता है। बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।हालांकि, इस बयान पर अभी तक RSS या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।News Status 24 | पूरी करे सच की जिज्ञासा
