
न्यूज स्टेटस 24 विवेक द्विवेदी,कानपुर । कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित दलहन क्रॉसिंग के पास बुधवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम बूथ में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगते ही बूथ से धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, एटीएम में तैनात गार्ड ने सबसे पहले एसी के पास तारों में चिंगारी और धुआं उठता देखा। देखते ही देखते आग ने बूथ के अंदर लगे फाइबर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। गार्ड ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय एटीएम के अंदर कोई ग्राहक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बैंक अधिकारियों के अनुसार एटीएम मशीन और उसमें रखी नकदी सुरक्षित है। पुलिस और फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में होने की बात कही है। NEWS STATUS 24पूरी करे सच की जिज्ञासा
