
विनय निगम, ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड । न्यूज़ स्टेटस 24 बाँदा । प्रदेश सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत गौपालकों को उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की इकाई स्थापित करने पर अनुदान दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को दो उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की इकाई स्थापित करने पर स्थापना लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।उप दुग्धशाला विकास अधिकारी एवं जिला समन्वयक, नन्दबाबा दुग्ध मिशन, बाँदा ने बताया कि योजना का उद्देश्य स्वदेशी गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। यह योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संचालित की जा रही है।

योजना के तहत बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों के क्रय पर अनुदान दिया जाएगा। क्रय की जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय व्यात की होनी चाहिए।महिला गौपालकों को विशेष प्राथमिकता देते हुए कुल निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इच्छुक लाभार्थी 11 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता की जानकारी nandbabadugdhmission.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक गौपालक ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।मुख्य बिंदु:दो स्वदेशी गायों की इकाई पर मिलेगा अनुदान लागत का 40% या अधिकतम ₹80,000 तक सहायता गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की गायें शामिल महिलाओं को 50% प्राथमिकता आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई है । न्यूज़ स्टेटस 24 – पूरी करे सच की जिज्ञासा
