
विनय निगम, ब्यूरो चीफ बुंदेलखंडNews Status 24 बांदा। इन दिनों धर्म संसार में धर्माचार्यों के बीच चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के कारण माहौल असामान्य रूप से गर्म हो गया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राप्त दान के कथित दुरुपयोग तथा शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए आरोपों को लेकर धार्मिक जगत में व्यापक चर्चा हो रही है। दोनों मामलों के सामने आने के बाद अयोध्या से लेकर चित्रकूट तक संत समाज और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं से जुड़े कुछ महंतों, धर्माचार्यों तथा उनके समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक मंचों तक मर्यादा, आचरण और धार्मिक मूल्यों को लेकर तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।धार्मिक परंपराओं में संतों और धर्माचार्यों को समाज का आदर्श माना जाता है। उनसे संयम, सहिष्णुता और शालीनता की अपेक्षा की जाती है। लेकिन हाल के घटनाक्रमों में कुछ स्वयंभू धार्मिक नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर व्यक्तिगत आरोप लगाए जाने से श्रद्धालुओं के बीच भ्रम और असहजता की स्थिति उत्पन्न हो रही है।सूत्रों की मानें तो धर्म जगत में उठे इस विवाद और आरोपों की आंच सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की राजनीति तक महसूस की जा रही है। स्थिति को नियंत्रित करने और माहौल को सामान्य बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारों का मानना है कि राम मंदिर से जुड़े दान विवाद और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की मर्यादा हनन से जुड़े प्रकरणों का नकारात्मक प्रभाव आम लोगों की धार्मिक आस्था पर पड़ सकता है। विशेष रूप से युवाओं के बीच धार्मिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को लेकर प्रश्न खड़े होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।सोशल मीडिया के दौर में छोटे-से-छोटे विवाद भी तेजी से व्यापक चर्चा का विषय बन जाते हैं। यही कारण है कि संत समाज के भीतर उत्पन्न मतभेद लाखों लोगों तक पहुंच रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि ऐसे विवादों के कारण हिंदू धर्म और हिंदुस्तान की छवि को नुकसान पहुंच रहा है तथा विरोधी तत्व इन घटनाओं पर चटखारे लेकर टिप्पणियां कर रहे हैं।इसी के साथ सनातन आस्था पर कुठाराघात करने वाले तथाकथित कालनेमियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग भी जोर पकड़ रही है। श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों का कहना है कि धार्मिक संस्थाओं की गरिमा, मर्यादा और समाज की आस्था बनाए रखने के लिए पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।— News Status 24पूरी करे सच की जिज्ञासा
