
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी लखनऊ। सहकार भारती के प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने प्रदेश की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं का इतना दबदबा था कि पुलिस और प्रशासन भी उनके सामने असहाय नजर आता था, लेकिन वर्तमान सरकार में स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।अरविंद दुबे ने कहा कि पहले ऐसे हालात थे जब बड़े माफिया और दबंग खुलेआम प्रशासन को चुनौती देते थे। उन्होंने पुराने मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई हो रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री

Yogi Adityanath के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की साफ नीति और नियत के चलते प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि माफियाओं की संपत्तियों पर कार्रवाई, बुलडोजर अभियान और अपराध के खिलाफ कठोर कदमों से आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।सहकार भारती नेता ने विपक्षी दलों के कई नेताओं की संपत्तियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता को यह समझना होगा कि सत्ता किन लोगों के हाथों में होनी चाहिए। अरविंद दुबे ने दावा किया कि वर्तमान नेतृत्व राष्ट्रहित और जनहित को प्राथमिकता देकर कार्य कर रहा है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि देश और प्रदेश के भविष्य को ध्यान में रखकर जागरूक होकर निर्णय लेना समय की आवश्यकता है।
