
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी,लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना के तहत कानपुर के प्रसिद्ध समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई को आधिकारिक मान्यता मिल गई है। इन पारंपरिक व्यंजनों को अब सरकारी स्तर पर कानपुर की विशेष पहचान के रूप में चुना गया है।अब तक प्रदेश में आगरा का पेठा, लखनऊ की रेवड़ी और मथुरा के पेड़े जैसे कुछ चुनिंदा व्यंजन ही व्यापक रूप से प्रसिद्ध थे, लेकिन अन्य जिलों के खास स्वादों की जानकारी सीमित थी। इसी उद्देश्य से शासन ने प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों को अलग पहचान दिलाने के लिए ‘एक जिला-एक व्यंजन’ योजना शुरू की। इस योजना के लिए छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) को नोडल संस्था बनाया गया था।सीएसजेएमयू और आईआईटी कानपुर को विभिन्न जिलों के व्यंजनों का सर्वे करने की जिम्मेदारी दी गई थी। सर्वे पूरा होने के बाद जिलों के प्रमुख व्यंजनों का चयन किया गया। सीएसजेएमयू को कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा, उन्नाव, फर्रुखाबाद और औरैया की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि आईआईटी कानपुर ने कानपुर नगर का सर्वे किया।विश्वविद्यालय के होटल मैनेजमेंट विभाग के सौरभ त्रिपाठी, सिद्धार्थ सिंह और अरविंद ने बताया कि सर्वे के दौरान छात्रों और शहरवासियों से बातचीत की गई। साथ ही व्यंजनों की शेल्फ लाइफ, न्यूट्रीशन वैल्यू, ट्रांसपोर्टेशन और पैकेजिंग जैसे पहलुओं को भी आधार बनाया गया। संभावित व्यंजनों की सूची तैयार कर शासन को भेजी गई थी, जिसके बाद अंतिम चयन किया गया।इस योजना का उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और उन्हें बढ़ावा देना है। समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई लंबे समय से कानपुर की खानपान संस्कृति का अहम हिस्सा रहे हैं। खासकर सर्दियों में मिलने वाली मक्खन मलाई शहर के लोगों और पर्यटकों की पहली पसंद मानी जाती है।सरकारी मान्यता मिलने के बाद इन व्यंजनों को पर्यटन से भी जोड़ा जाएगा। बाहर से आने वाले पर्यटकों को अब कानपुर के इन खास स्वादों से परिचित कराया जाएगा। इससे शहर की पहचान मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय हलवाइयों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।मंडल के विभिन्न जिलों में प्रसिद्ध व्यंजन इस प्रकार हैं—• कानपुर नगर: समोसा, लड्डू, मक्खन मलाई• कानपुर देहात: खाद्य तेल, लस्सी• कन्नौज: गट्टा मिठाई, खोया पेड़ा• इटावा: सरसों की चटनी, सलाद, मट्ठा आलू, खीर मोहन• उन्नाव: काला जामुन, समोसा, कुशली, त्रिलोक परी• फर्रुखाबाद: दालमोठ, भुने आलू• औरैया: शुद्ध देसी घी, दूध की बर्फी, बालूशाही, गुड़ शामिल हैं ।
