समाज सेवी मनोज शुक्ल ” बबलू ” ने किया रैली का नेतृत्व

न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी,लखनऊ। राजनीतिक कारणों से समाज में जाति-पांति के आधार पर विभाजन और सामाजिक भेदभाव तेजी से बढ़ रहा है। लोगों ने अपने सांस्कृतिक और सामाजिक दायित्वों के प्रति उदासीनता अपना ली है। ऐसे समय में युवा पीढ़ी आगे आकर समाज को जागरूक करने और समता, एकता, भाईचारे तथा मिल-जुलकर रहने का संदेश देने का कार्य कर रही है। युवाओं का मानना है कि जातिगत भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त कर ही राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।इसी उद्देश्य के साथ कानपुर में पांच सौ से अधिक युवाओं ने भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद दोपहिया वाहनों के साथ कई किलोमीटर लंबी चेतना रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि हिंदू समाज को जाति-पांति में बांटने के प्रयासों के बहकावे में न आएं और एकजुट रहकर राष्ट्र की शक्ति को बढ़ाएं। साथ ही समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को सही दिशा में प्रेरित किया जाए।बीते दिवस कानपुर में हिंदू युवा चेतना संगठन द्वारा कृष्णापुरम कॉलोनी, शिवकटरा, लाल बंगला, हरजिंदर नगर, रामादेवी और गांधी ग्राम क्षेत्रों में कई किलोमीटर लंबी रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य युवाओं को संगठित करना और उनमें सकारात्मक एवं राष्ट्र निर्माण की ऊर्जा का संचार करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं महाराजपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज कुमार शुक्ला ने खुले वाहन पर सवार होकर रैली की अगुवाई की। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्र के भाग्य विधाता युवा हैं। यदि युवा जागरूक, चेतनाशील और संगठित रहेंगे तो समाज से भेदभाव समाप्त होगा और राष्ट्र का चतुर्मुखी विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के बिना किसी भी क्षेत्र में परिवर्तन या क्रांति संभव नहीं है।संगठन के संयोजक गोपाल तिवारी ने कहा कि उनका संगठन सामाजिक और सांस्कृतिक मजबूती के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जाति-पांति के दुष्चक्र में फंसाना समाज और राष्ट्र दोनों के लिए हानिकारक है। इसी उद्देश्य से संस्था ने रैली के माध्यम से एकजुटता और सामाजिक चेतना का संदेश दिया।उन्होंने बताया कि यह रैली किसी राजनीतिक दल से संबंधित नहीं थी। भगवा ध्वज के नीचे सभी युवाओं ने स्वेच्छा से भाग लिया। रैली का विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने स्वागत किया और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया। गोपाल तिवारी ने कहा कि भविष्य में भी संगठन इस प्रकार के सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।रैली में सत्यम शुक्ल, चंचल त्रिवेदी, मनीष पांडेय, मनोज, सनोज, पीयूष शुक्ल, आनंद, ऋषभ शुक्ल, विशाल, नीरज, रोहित, गोविंदा सहित सैकड़ों युवा शामिल रहे। : मुस्लिम युवकों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका ✍🏼 इस रैली का विशेष आकर्षण यह रहा कि क्षेत्र के कई मुस्लिम युवकों ने भी पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। उन्होंने सहयोग करते हुए कहा कि हिंदू समाज को जाति-पांति में नहीं बंटना चाहिए और किसी भी धर्म के प्रति दुर्भावना नहीं रखनी चाहिए। सभी भारतीयों को एकजुट होकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए।रैली में शामिल लाल बंगला निवासी मोहम्मद सैफ खान ने कहा कि यह एक सराहनीय पहल है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और सामाजिक चेतना को नई दिशा मिलेगी।
