
यह दिव्य धार्मिक आयोजन 17 मई से 22 मई 2026 तक श्रद्धा ,भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा✍🏼 News Status 24, पूरी करे सच सच की जिज्ञासा
न्यूज स्टेटस 24,नीरज त्रिपाठी ✍🏼वृंदावन धाम । सनातन धर्म की महान आध्यात्मिक परंपरा और भगवान श्रीराम के नाम-स्मरण की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पुरुषोत्तम मास 2026 के पावन अवसर पर श्री शरणागत आश्रम में भव्य श्रीराम नाम पाटोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य धार्मिक आयोजन 17 मई शुरू होकर 22 मई 2026 तक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न होगा।इस पावन आयोजन में पूज्य रैवासा मलूक पीठाधीश्वर श्री राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज अपने श्रीमुख से ‘रामनाम की महिमा’ पर

विशिष्ट कथा का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से वे भगवान श्रीराम के नाम की आध्यात्मिक शक्ति, जीवन में उसके महत्व और कलियुग में नाम-स्मरण के प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।पाटोत्सव में अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में कार्ष्णि पीठाधीश्वर पूज्य श्री गुरु शरणानंद जी महाराज उपस्थित रहेंगे। साथ ही जगद्गुरु डॉ. रामानंद दास जी महाराज का भी विशेष सान्निध्य भक्तों को प्राप्त होगा। कार्यक्रम प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता निभा रहे नीरज त्रिपाठी ने बताया कि छह दिवसीय इस कार्यक्रम में प्रतिदिन रामकथा, संकीर्तन, संत प्रवचन, भजन एवं सामूहिक रामनाम जप का आयोजन होगा। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु और रामभक्त इस पावन


आयोजन में भाग लेने के लिए वृंदावन पहुंच रहे हैं ।पुरुषोत्तम मास को सनातन परंपरा में अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। इस मास में भगवान के नाम का जप, कथा-श्रवण और सत्संग करने से विशेष आध्यात्मिक फल की प्राप्ति होती है। ऐसे में श्री शरणागत आश्रम द्वारा आयोजित यह श्रीराम नाम पाटोत्सव श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, साधना और आत्मिक उन्नति का एक दुर्लभ अवसर सिद्ध होगा।आश्रम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रीराम नाम के इस महायज्ञ में सहभागी बनने का आग्रह किया है। आयोजन स्थल पर भक्तों के लिए प्रसाद, सत्संग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

