
News Status 24 | विवेक द्विवेदी ।राठ (हमीरपुर), 17 मई 2026।रविवार को हमीरपुर जनपद के राठ स्थित चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में “सुरक्षित भारत एवं भ्रष्टाचार मुक्त हमीरपुर” विषय पर एक भव्य सेमिनार एवं व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर के अनेक प्रतिष्ठित वक्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर भ्रष्टाचार उन्मूलन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन और जनजागरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. देव सिंह, प्रदेश मंत्री, सहकार भारती द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य नारायण सिंह परिहार का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चला।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं समापन वंदे मातरम् से हुआ ।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा “वंदे मातरम्” के सामूहिक गायन के साथ हुआ। पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संवैधानिक विशेषज्ञ अश्विनी उपाध्याय ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने नागरिकों से संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार के शिथिल नियमों को भी दोषी बताया । श्री उपाध्याय ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार को कड़े कानून लाने चाहिए जिस तरह अन्य मुल्कों में है ।


कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि अरविंद दुबे, प्रदेश महामंत्री, सहकार भारती ने सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डाला।श्री दुबे ने कहा कि सक्षम भारत के लिए राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेना होगा इसके लिए हमें गांव और शहर से शुरू करना होगा । भ्रष्टाचार पर प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह ब्लड कैंसर की तरह फैल चुका है । लेकिन उन्होंने कहा पहले 100 में 15 प्रतिशत ही जरूरत मंदों को सरकार की राशि पहुंचती थी लेकिन आज 100 प्रतिशत उनके खाते में सीधे रकम पहुंचती है लेकिन राशि जल्दी प्राप्त करने के लिए हम ही अधिकारियों को रिश्वत का प्रलोभन देते हैं । अपना जल्दी व गलत काम के लिए अधिकारियों को रिश्वत देते है ,इससे बचना होगा ।वरिष्ठ पत्रकार विनोद शुक्ला (दिल्ली) ने मीडिया की भूमिका और जन जागरूकता के महत्व पर अपने विचार रखे।संविधानाचार्य एवं हाईकोर्ट लखनऊ के अधिवक्ता एवं राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पंकज त्रिपाठी ने कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को भ्रष्टाचार उन्मूलन का आधार बताया ।यूजीसी एक्ट पर उन्होंने कहा इस मामले में सरकार की भूमिका संदिग्ध है । श्री त्रिपाठी ने कहा सवर्णों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा । यदि सवर्ण पक्षपात पूर्ण यूजीसी एक्ट वापिस नहीं हुआ तो देश भर में बृहद आंदोलन तेज कर विरोध किया जाएगा ।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए जागरूक नागरिकों, स्वतंत्र मीडिया और सक्रिय सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अविनाशी त्रिपाठी ,राहुल द्विवेदी,आशीष कुमार, सुबोध गुप्ता पत्रकार मौदहा व कानपुर से आए सुशील कुमार, संपादक, “पारदर्शी न्यूज़” समाचार पत्र, तथा विवेक द्विवेदी, चेयरमैन, खजुराहो होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, कानपुर, विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ पत्रकार जगनायक प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में भाग लिया आभार कार्यक्रम के अंत में डॉ. देव सिंह ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता, राष्ट्रभक्ति और जनहित के मुद्दों पर संवाद को मजबूत करते हैं।इस अवसर पर बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, शिक्षक, पत्रकार, छात्र-छात्राएं और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा, उत्साह और विचारों की गंभीरता ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया.
