
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी। लखनऊ/हरिद्वार। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के दर्शन कर अपने पति के साथ लौट रही नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह महानंदा एक्सप्रेस से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गईं। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान रात में उनके पति मनीष अग्रहरी सो गए थे। सुबह जब उनकी आंख खुली तो बगल की सीट पर बैठी उनकी पत्नी गायब थीं।परिजनों के अनुसार, प्रज्ञा सिंह का मोबाइल फोन अंतिम बार उत्तराखंड के लक्सर रेलवे ट्रैक के पास सक्रिय मिला। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है। इस जानकारी के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। मूल रूप से कानपुर निवासी मनीष अग्रहरी ने बताया कि उनकी शादी कुछ ही महीने पहले हुई थी, नौकरी के कारण ग्रेटर नोएडा में रहते थे , और दोनों पहली बार केदारनाथ यात्रा पर गए थे। दर्शन कर लौटते समय अचानक उनकी पत्नी के लापता हो जाने से परिवार सदमे में है। उन्होंने पुलिस, रेलवे प्रशासन और सरकार से पत्नी को जल्द खोजने की अपील की है।घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोबाइल लोकेशन, ट्रेन के यात्रियों से पूछताछ और अन्य तकनीकी माध्यमों से प्रज्ञा सिंह की तलाश की जा रही है।परिजनों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी को प्रज्ञा सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या रेलवे पुलिस को सूचित करें।फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है और परिवार को उम्मीद है कि प्रज्ञा सिंह सकुशल मिल जाएंगी।न्यूज स्टेटस 24 |पूरी करे सच की जिज्ञासा
