
न्यूज स्टेटस 24,विवेक द्विवेदी- हैदराबाद। महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति परखने के लिए हैदराबाद पुलिस ने एक अनोखा अंडरकवर ऑपरेशन चलाया। इस अभियान में पुलिस आयुक्त वी. सुमति खुद सामान्य महिला बनकर देर रात दिलसुख नगर बस स्टैंड पर अकेली खड़ी रहीं। उन्होंने सूट-सलवार पहन रखा था ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।करीब तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान लगभग 40 पुरुष उनके पास पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनमें कई युवक नशे की हालत में थे, जबकि कुछ ने संदिग्ध और आपत्तिजनक व्यवहार करने की कोशिश की। आसपास सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे। जैसे ही किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगी, पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह जानना था कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर अकेली महिलाओं को किस प्रकार की परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है तथा गश्त व्यवस्था कितनी प्रभावी है। ऑपरेशन के दौरान यह भी जांचा गया कि आपात स्थिति में पुलिस प्रतिक्रिया कितनी तेज रहती है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी इसी तरह के अंडरकवर अभियान चलाए जा सकते हैं। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक स्थानों पर अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।महिला सुरक्षा को लेकर चलाए गए इस ऑपरेशन की चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस की इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने वाला कदम बता रहे हैं।
