

न्यूज स्टेटस 24,विनय निगम ( ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड)। जनपद में आज से ऐतिहासिक “स्वगणना अभियान” का शंखनाद हो गया। अभियान के प्रथम दिवस पर बांदा के जनप्रतिनिधियों एवं शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने एक सुर में नागरिकों से इस “डिजिटल क्रांति” का हिस्सा बनने की अपील की। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की विकास नीति का सीधा भागीदार बनाना है।अभियान के शुभारंभ अवसर पर माननीय सांसद चित्रकूट-बांदा कृष्णा पटेल, माननीय विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, माननीय विधायक बबेरू विशंभर यादव, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बसु, आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा अजीत कुमार, जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी एवं मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी अजय कुमार पांडे द्वारा संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया।उन्होंने कहा,“स्वगणना केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपनी पहचान और अपने अधिकारों को सुरक्षित करने का एक सशक्त माध्यम है। जब आंकड़े सटीक होंगे, तभी शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुँच सकेगा।”अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे मानवीय त्रुटियों की संभावना समाप्त हो जाती है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनती है। यह “डिजिटल इंडिया” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समय की बचत और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करता है।जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे न केवल स्वयं अपनी गणना करें, बल्कि अपने मोहल्लों और गांवों में “स्वगणना दूत” बनकर दूसरों को भी प्रेरित करें। आपकी एक छोटी-सी पहल बांदा और देश के भविष्य की तस्वीर बदल सकती है।अभियान के पहले दिन बांदा के विभिन्न चौराहों एवं ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए गए। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि पोर्टल सुचारु रूप से कार्य कर रहा है तथा किसी भी तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क सक्रिय है।जनपद प्रशासन, बांदा समस्त नागरिकों से विनम्र अनुरोध करता है कि इस गौरवशाली अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। आइए, मिलकर बांदा को विकास के नए सोपान पर ले जाएं।यह अभियान 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक लगातार संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक नागरिक स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
