
हमीरपुर,न्यूज स्टेटस 24 विवेक द्विवेदी। हमीरपुर में जनपद के कुरारा थाना क्षेत्र स्थित भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार देर रात यमुना नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में महिला समेत 6 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। देर रात से फ्लड पीएसी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।जानकारी के अनुसार, यमुना नदी पार से वापस लौट रहे महिला और बच्चों समेत करीब 9 लोग नाव पर सवार थे। अचानक नाव असंतुलित होकर नदी के गहरे पानी में पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक एक महिला समेत कई शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बचाए गए लोगों में दो का अस्पताल में उपचार चल रहा है। लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।बताया जा रहा है कि नाव में सवार दो लोग घाटमपुर के निवासी थे, जबकि सात लोग कुतुबपुर पटिया गांव के रहने वाले थे। सभी लोग रोजाना यमुना नदी पार जाकर खरबूजा और तरबूज की खेती करने जाते थे। खेती का काम खत्म कर वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान ।मुख्यमंत्री ने हमीरपुर नाव हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन को पूरी तत्परता से अभियान चलाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
