
हमीरपुर/कानपुर।हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र स्थित कुतुबपुर पटिया गांव में बुधवार शाम हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। इस हृदय विदारक घटना के बाद राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति गुरुवार को घटनास्थल पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।इस दौरान उनके साथ सदर विधायक मनोज प्रजापति, नगर पालिका हमीरपुर के चेयरमैन कुलदीप निषाद,

समाजसेवी अशोक गुरु समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।रेस्क्यू अभियान जारी, तीन शव बरामद गुरुवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद यमुना नदी से तीन शव बरामद किए। अभी भी तीन अन्य लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन और गोताखोर लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।सबसे पहले महिला बृजरानी का शव नदी से निकाला गया। इसके बाद लगभग 14 वर्षीय किशोरी और फिर नौ वर्षीय बच्ची रानी का शव बरामद हुआ। हादसे के बाद कुल छह लोग लापता बताए गए थे, जिनमें से तीन के शव मिल चुके हैं।शादी समारोह के बाद हुआ हादसा ,जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र की भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया निवासी विष्णु की भतीजी की शादी मंगलवार को संपन्न हुई थी। बुधवार को विदाई के बाद परिवार और रिश्तेदार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर यमुना नदी के टापू पर खरबूजा, ककड़ी और तरबूज लेने गए थे।शाम करीब छह बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।तीन लोगों को बचाया गया । नाव चला रहे विष्णु, रिंकू पुत्र राजू निवासी कुतुबपुर पटिया और पारुल पुत्री बउआ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों को बेहोशी की हालत में सीएचसी कुरारा भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।प्रशासन मौके पर डटा रहा ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल और थाना प्रभारी बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। नदी में जाल डालकर लापता लोगों की तलाश की जा रही है।प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे भीड़ न लगाने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
विवेक द्विवेदी, संपादक News Status 24
