
विवेक द्विवेदी,न्यूज स्टेटस 24 कानपुर बिधनू थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस राम गंगा नहर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें से 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। कई घायलों का इलाज कानपुर के हैलेट अस्पताल और बिधनू सीएचसी में चल रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी। पुल पर पहुंचते ही चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सीधे रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बस कहां से आ रही थी और कितने यात्री उसमें सवार थे।
