
विवेक द्विवेदी,न्यूज स्टेटस 24 (हमीरपुर) उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां यमुना नदी में नाव डूबने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव के पास हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी नाव अचानक नदी के बीचों-बीच असंतुलित होकर पलट गई। नाव में महिला और बच्चों समेत करीब

10 लोग सवार बताए जा रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के बाद यमुना नदी पार कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नाव तेज बहाव और अधिक वजन के कारण अनियंत्रित हो गई और कुछ ही पलों में नदी में डूब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।स्थानीय लोगों की मदद से अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। SDRF और PAC की टीमों ने यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गोताखोर लगातार नदी में तलाश अभियान चला रहे हैं।घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक नदी का जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयां आ रही हैं।फिलहाल प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक तौर पर नाव में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने और सुरक्षा इंतजामों की कमी को हादसे की वजह माना जा रहा है। इलाके में भारी भीड़ जुटी हुई है और पुलिस लोगों को नदी किनारे से दूर रहने की अपील कर रही है।
