
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी (कोलकाता) पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। भाजपा नेता Suvendu Adhikari के करीबी सहयोगी और पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की कोलकाता के पास मध्यमग्राम इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है और भाजपा ने इसे “पोस्ट पोल वायलेंस” से जोड़ते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर शाम चंद्रनाथ रथ मध्यमग्राम के दोहारिया इलाके से गुजर रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से राज्य में राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है। पार्टी ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, राज्य प्रशासन ने मामले की जांच का भरोसा दिया है और कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी थे और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। इस हत्या के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर आ गई हैं। राजनीतिक गलियारों में इस घटना को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा को बड़ी सफलता मिली थी और उसके बाद से राज्य में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
