
News Status 24 | कानपुर/अंबेडकरनगर/जालौन । उत्तर प्रदेश में रविवार देर रात और सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर दिया। दोनों दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।अंबेडकरनगर: बाइक भिड़ंत के बाद कार ने मचाई तबाहीअंबेडकरनगर के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और गड्ढे में पलट गई।इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सेमरा कटका निवासी उत्तम, जैनापुर निवासी आदित्य (25) और उनके छोटे भाई छोटू उर्फ दिव्यांश (14), सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (32), पट्टी मोईन निवासी लालचंद (24), सैदापुर निवासी कैफी (32) शामिल हैं। दो अन्य शवों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।बताया जा रहा है कि आदित्य और दिव्यांश एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात शवों की पहचान कराई जा रही है।जालौन: हाईवे पर टवेरा-ट्रक भिड़ंत, 6 की मौत दूसरी घटना जालौन जिले के कालपी क्षेत्र में झांसी-कानपुर नेशनल


हाईवे-27 पर जोल्हुपुर के पास हुई। यहां एक टवेरा कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ नंबर की टवेरा कार कानपुर से झांसी की ओर जा रही थी, तभी वह पीछे से ट्रक में जा घुसी।सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु करा दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।प्रशासन ने लोगों से की अपील प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके | News Status 24)
