
: न्यूज स्टेटस 24 ,बांदा (विनय निगम, ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड) जनपद बांदा में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु आज जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंडी स्थल स्थित विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर क्रय प्रक्रिया, व्यवस्थाओं एवं किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया।जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर सत्यापन करने वाले कार्मिकों का नाम, पद एवं संपर्क विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रों पर पारदर्शिता एवं सुगमता बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए।इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टोकन व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और क्रय प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री कुमार धर्मेंद्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रशिक्षु रेखा सियाक सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूं क्रय कार्य को शासन की मंशानुसार पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
