
न्यूज़ स्टेटस 24 ( विनय निगम, ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड) बांदा । 25 अप्रैल को जनपद में संपूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन थाना गिरवा में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल मौजूद रहे। अधिकारियों ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान गिरवा क्षेत्र के एक फरियादी ने शिकायत की कि उसके घर के रास्ते में विपक्षी द्वारा दरवाजा खोल दिया गया है, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व निरीक्षक को तत्काल मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।वहीं, ग्राम बड़ोखर के एक अन्य फरियादी ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर कब्जा दिलाने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने उपस्थित नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि पैमाइश से जुड़े मामलों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने समाधान दिवस में लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटाने पर जोर दिया। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को घर-घर जाकर पूरा करने के लिए लेखपालों को निर्देशित किया गया।इस दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना अध्यक्ष गिरवा, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, नायब तहसीलदार तथा लेखपाल उपस्थित रहे।
