

📰 विनय निगम ( ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड) न्यूज स्टेटस 24 ✍🏼 शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक अभियान चलाया। नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला के नेतृत्व में महेश्वरी देवी चौराहे से लेकर चौक बाजार तक प्रशासनिक टीम ने दल-बल के साथ अतिक्रमण हटवाया। इस कार्रवाई से दुकानदारों और ठेला-फेरी लगाने वालों में हड़कंप मच गया।अभियान की शुरुआत होते ही कई लोगों ने जल्दबाजी में अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि कुछ स्थानों पर प्रशासन को सख्ती भी दिखानी पड़ी। कार्रवाई के दौरान महेश्वरी देवी चौराहा, प्रकाश टॉकीज, कोतवाली क्षेत्र, शंकर गुरु चौराहा, चौक बाजार, सब्जी मंडी और छावनी चौराहा तक सड़क और पटरी पर किए गए

अतिक्रमण को हटाया गया।प्रशासन ने खासतौर पर नालों के ऊपर बनाए गए अस्थायी ढांचे, तख्त, टीनशेड और अन्य अवरोधों को हटवाया, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित हो रही थी। मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे आमजन को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।इस अभियान में खाद्य एवं सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक देवेन्द्र, राजस्व निरीक्षक रामजस सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) अभिषेक खरे, गौरव श्रीवास्तव, मनीष, विकास, सफाई नायक राजाराम समेत नगर पालिका के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
