
📰 न्यूज़ स्टेटस 24: हरदोई । उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हरदोई जिले की गोपामऊ सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।दरअसल, अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि “पत्थरों को पूजना छोड़ दीजिए और आज के असली भगवान मोदी और योगी की पूजा कीजिए।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। विधायक ने कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्जीव पत्थरों के सामने गिड़गिड़ाने से कुछ हासिल नहीं होगा, जबकि देश और प्रदेश के लिए काम करने वाले नेताओं को ही असली सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ ही ऐसे नेता हैं जो लोगों को सब कुछ दे सकते हैं। हालांकि बयान के बाद जब विवाद बढ़ने लगा तो विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि यह उनका निजी विचार है और उनका उद्देश्य समाज को अंधविश्वास और पाखंड से दूर रहने का संदेश देना था। विधायक के इस बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।(News Status 24)–
