
न्यूज स्टेटस 24, दिल्ली। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल से बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कुल 9 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से इस दौरान सतर्क रहने की अपील की है।बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल 2026 तक उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश और तूफान का असर और तेज हो सकता है। वहीं पूर्वी भारत के कई इलाकों में आकाशीय बिजली और वज्रपात से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।दिल्ली में 4 और 5 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है और तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।उत्तर प्रदेश में 4 से 6 अप्रैल के बीच सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, हरदोई, कानपुर और लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच पटना, पश्चिम और पूर्वी चंपारण, भोजपुर, गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत, उधम सिंह नगर और टिहरी गढ़वाल में 4 से 7 अप्रैल के बीच भारी बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, करनाल, सोनीपत, गुरुग्राम, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी में 4 और 5 अप्रैल को तेज आंधी (60 किमी/घंटा तक) और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।पंजाब के चंडीगढ़, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और अमृतसर में 4 से 6 अप्रैल के दौरान बारिश, तूफान और बिजली गिरने की आशंका है।हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, किन्नौर, चंबा और सिरमौर में 4-5 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अलवर, चित्तौड़गढ़, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ में 4-5 अप्रैल के दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और मध्यम से तेज बारिश की चेतावनी है।मध्य प्रदेश के भोपाल, सतना, कटनी, दमोह, पन्ना, छतरपुर, मुरैना, निवाड़ी और बैतूल में 4-5 अप्रैल के बीच भारी बारिश और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 4 से 8 अप्रैल के बीच तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झारखंड में 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है।मध्य भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भी 4 से 6 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने सभी राज्यों के लोगों, खासकर किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वालों को सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने के दौरान खुले में न जाने की सलाह दी है।
