
न्यूज स्टेटस 24 जयप्रकाश निगम ,ब्यूरो चीफ बांदा। जनपद में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को पत्र भेजा है। 20 अगस्त को भेजे पत्र में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट और जर्जर विद्युत ढांचे का मुद्दा उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।शालिनी सिंह पटेल ने पत्र में कहा कि जनपद में बढ़ते विद्युत कनेक्शनों के बावजूद विद्युत व्यवस्था का पर्याप्त विस्तार नहीं हुआ है। जर्जर खंभों व तारों, ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते भार तथा लाइनों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आए दिन बिजली की समस्या बनी रहती है। वर्तमान में धान की रोपाई का समय होने के कारण बिजली की कमी से किसान परेशान हैं और आंदोलन तथा अनशन के लिए मजबूर हो रहे हैं।उन्होंने ऊर्जा मंत्री से बबेरू एवं बिसंडा के बीच ग्राम पंचायत साथी के पास नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने, सिंहपुर में नया विद्युत उपकेंद्र बनाने तथा मुरवल, बबेरू, बिसंडा और जामू के पावर हाउसों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की।पत्र में पूरे बांदा जनपद में लाइनों की संख्या बढ़ाने, पुराने व जर्जर विद्युत खंभों को बदलने, दूर-दूर लगे खंभों के स्थान पर आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त खंभे लगाने तथा जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदलने की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों के कारण आए दिन फाल्ट और विद्युत दुर्घटनाएं हो रही हैं।जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष ने बढ़ते विद्युत कनेक्शनों के अनुपात में जनपद के ट्रांसफार्मरों, पावर हाउसों और विद्युत लाइनों की क्षमता बढ़ाने तथा किसानों को धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त एवं नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है।उन्होंने ऊर्जा मंत्री से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है
