
न्यूज स्टेटस 24, विनय निगम ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड। बांदा जनपद के नरैनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नदवारा गांव में समाधान दिवस में शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। पीड़िता ने गांव के एक दबंग पर अपने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान सड़क पर गिरने के बाद आरोपी ने उसके पेट पर लात मारी।पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में नदवारा निवासी कलावती पत्नी भैया राम ने बताया कि उसने 1 अगस्त को समाधान दिवस में गांव के एक व्यक्ति द्वारा विद्युत आपूर्ति बाधित किए जाने तथा लगातार परेशान किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।कलावती के अनुसार, घटना के दौरान वह सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके पेट पर लात से प्रहार किया। पीड़िता का कहना है कि घटना के प्रत्यक्षदर्शी मौजूद हैं और मारपीट का वीडियो भी उसके पति के पास सुरक्षित है।महिला का आरोप है कि नरैनी कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह पूरे परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है।पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
