
न्यूज स्टेटस 24 विवेक द्विवेदी,नई दिल्ली | News Status 24राष्ट्रीय सहकारिता संघ (NCUI), नई दिल्ली के प्रबंधक मंडल के पंचवर्षीय चुनाव में सहकार भारती और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संयुक्त गठबंधन ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। 18 जुलाई को हुए मतदान के बाद 19 जुलाई को हुई मतगणना के अनौपचारिक परिणामों में गठबंधन समर्थित उम्मीदवारों ने 20 में से 19 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर सहकारिता जगत में नया इतिहास रच दिया। अंतिम परिणामों की औपचारिक घोषणा केंद्रीय निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा की जाएगी।इस चुनाव की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया को केंद्र सरकार के मनोनीत प्रतिनिधि के रूप में नामांकित किया गया है।विजयी उम्मीदवारों में सहकार भारती के संरक्षक दीनानाथ ठाकुर, इफको के चेयरमैन दिलीप भाई संघाणी, एनसीडीएफआई के

चेयरमैन मिनेश शाह, कृभको के चेयरमैन बिपिन पटेल, नैफेड के मोहनभाई कुंडारिया, एनसीसीएफ के चेयरमैन विशाल सिंह, विनय कुमार शाही, महाराष्ट्र के प्रवीण दरेकर, कर्नाटक के जी.टी. देवेगौड़ा, मणिपुर की जीना पोत्संगबम, गुजरात के घनश्याम अमीन, उत्तर प्रदेश के धनंजय सिंह, कर्नाटक के एच.के. पाटील, लखनऊ के मुदित वर्मा, बेलगावी के अण्णासाहेब जोल्हे तथा महाराष्ट्र के नकुल कडू सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।हालांकि चुनाव में सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता का मुकाबला बराबरी (टाई) पर रहा, लेकिन पर्चों की गिनती में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। वहीं भाजपा के विधान परिषद सदस्य संजय भिंडे को भी हार का सामना करना पड़ा।सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित प्रबंधक मंडल के नेतृत्व में एनसीयूआई नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा देश में सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेगा।चुनाव अभियान के दौरान सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, संरक्षक दीनानाथ ठाकुर, संगठन मंत्री संजय पाचपोर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष तथा एनडीडीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप चेहल सहित कई वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।सहकार भारती एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ ने इस ऐतिहासिक विजय को देश के सहकारिता आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे सहकारी संस्थाओं में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा सहकारिता क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।— News Status 24 पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍🏼
