ब्राह्मण समाज को विखंडन से बचाना हमारी पहली हो प्राथमिकता – BSS

NEWS STATUS 24 विवेक द्विवेदी,कानपुर| ब्राह्मण स्वयं सेवक संघ के संस्थापक/संयोजक अरविंद कुमार तिवारी ने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और संगठन को दलगत राजनीति से दूर रखने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति भाजपा, सपा, कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक दल से जुड़ा हो सकता है, लेकिन जब वह ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ के मंच पर आए तो उसकी प्राथमिकता समाज और संगठन की एकता होनी चाहिए।श्री तिवारी ने कहा, “ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ हमारा मंदिर है और इस मंदिर के बाहर राजनीतिक चप्पल छोड़कर आना है।” उन्होंने कहा कि सामाजिक एकजुटता सबसे पहले आवश्यक है। जब-जब सामाजिक एकता के बीच दलगत राजनीति प्रवेश करेगी, तब-तब समाज में विखंडन की आशंका बढ़ेगी। इसलिए ब्राह्मण समाज को विखंडन से बचाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित और एकजुट होगा तो राजनीतिक दलों और उनके प्रतिनिधियों को भी समाज की आवाज और हितों को गंभीरता से लेना होगा। किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित होती है और संगठित समाज ही अपने अधिकारों एवं सम्मान के लिए प्रभावी ढंग से अपनी बात रख सकता है।अरविंद कुमार तिवारी ने संगठन से जुड़े सभी सम्मानित बंधुओं से आग्रह किया कि वे संगठन और उससे जुड़े समूहों के सुचारु संचालन एवं अनुशासन को बनाए रखने में गंभीरतापूर्वक सहयोग प्रदान करें। संगठन की मजबूती प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है और व्यक्तिगत अथवा राजनीतिक मतभेदों को सामाजिक एकता के मार्ग में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।उन्होंने कहा, “ब्राह्मण स्वयंसेवक संघ प्रत्येक ब्राह्मण का अपना परिवार है। यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े ब्राह्मण का भी परिवार है। इसे सजाना, संवारना, मजबूत करना और समाज को संरक्षण प्रदान करने योग्य बनाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।”श्री तिवारी ने समाज के लोगों से व्यक्तिगत एवं राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सामाजिक हितों के लिए एक मंच पर आने की अपील करते हुए कहा कि एकजुट और मजबूत समाज ही आने वाली पीढ़ियों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की रक्षा कर सकता है।News Status 24 पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍🏼
