
NEWS STATUS 24 , विवेक द्विवेदी, हमीरपुर। हमीरपुर ।बुंदेलखंड के कुरारा (हमीरपुर) में इस वर्ष 1 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक आयोजित होने जा रहे 17 दिवसीय विराट धार्मिक एवं सामाजिक महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन समिति द्वारा जारी आमंत्रण पत्र के अनुसार इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।महोत्सव के दौरान श्रीमद् देवी भागवत कथा, रामलीला, अखंड दुर्गा चालीसा पाठ, आल्हा गायन, कवि सम्मेलन, ज्योतिष सम्मेलन, शिक्षक एवं बुजुर्ग सम्मान समारोह, गरीब कन्याओं का सम्मान, ब्राह्मण सम्मान तथा भगवान विश्वकर्मा पूजन सहित अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।14 दिसंबर को होगा सामूहिक विवाह समारोह आयोजन समिति के अनुसार 14 दिसंबर 2026 (सोमवार) को 19वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। इसमें विभिन्न वर्गों की पात्र कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा।नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए उपयोगी सामग्री भी भेंट की जाएगी। इसमें बेड, गद्दा, अलमारी, श्रृंगार सेट, टीवी, कुर्सी सेट, मेज, पंखा, टंकी, बर्तन, घड़ी, लेडीज घड़ी, लेमन सेट, स्वेटर, शॉल, साड़ियां, बैग सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामान दिए जाने का उल्लेख आमंत्रण पत्र में किया गया है।कार्यक्रम के सूत्रधार एवं आयोजक शिव नारायण तिवारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, गरीब परिवारों की सहायता और सर्वसमाज को एक मंच पर लाना है। सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलने के साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।कार्यक्रम का आयोजन मां आशीर्वाद श्री किशोरी भवन, निज निवास, कुरारा (हमीरपुर), बुंदेलखंड (उत्तर प्रदेश) में किया जाएगा। आयोजन से जुड़े पोस्टरों में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
