
न्यूज स्टेटस 24, ब्यूरो हमीरपुर। बुंदेलखंड नव निर्माण सेना भारत के तत्वावधान में शहीद भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मौदहा नगर में एक विशाल एवं शांतिपूर्ण जनाक्रोश पैदल मार्च निकाला गया। यह मार्च शहीद स्मारक, गुड़ाही बाजार, मौदहा से प्रारंभ होकर तहसील मौदहा पहुँचा, जहाँ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड. विनय तिवारी के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मौदहा को सौंपा गया।मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं,

अधिवक्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर न्याय के समर्थन में अपनी आवाज़ बुलंद की। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से “भरत तिवारी को न्याय दो”, “न्याय हमारा अधिकार है” तथा “भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष जारी रहेगा” जैसे नारे लगाए गए।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने भरत तिवारी प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से निष्पक्ष जांच, दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी सेवा प्रदान किए जाने की मांग की है। साथ ही जांच प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं उच्चस्तरीय निगरानी सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है।इस अवसर पर एड. विनय तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी जाति, धर्म या राजनीतिक दल के पक्ष अथवा विरोध का नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर संघर्ष जारी रहेगा।उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञापन स्वीकार किया गया है और संगठन को आशा है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। News Status 24, पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍🏼
