
न्यूज स्टेटस 24 चित्रकूट ब्यूरो।श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट, मथुरा के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा अपने ही गुरु परंपरा और उत्तराधिकारी को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। मामले में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सार्वजनिक रूप से अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आशुतोष ब्रह्मचारी अपने गुरु परंपरा से जुड़े व्यक्तियों पर कई गंभीर आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के संरक्षण का भी उल्लेख किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।विवाद के बीच जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के आरोपों और बयानों से उन्हें तथा उनके उत्तराधिकारी रामचंद्र दास को खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।धार्मिक जगत में इस बयानबाजी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। समर्थकों का कहना है कि यदि किसी के पास कोई साक्ष्य है तो उसे कानूनी और प्रशासनिक मंच पर प्रस्तुत किया जाना चाहिए, जबकि विरोधी पक्ष पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया से निकलकर सार्वजनिक बहस का विषय बन गया है। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।News Status 24रिपोर्ट : चित्रकूट ब्यूरो
