
न्यूज स्टेटस 24, विनय निगम ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड। बांदा । जनपद बाँदा के सर्वांगीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (प्रभारी मंत्री, उद्यान, कृषि विपणन, व्यापार, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग, उत्तर प्रदेश) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।बैठक में सर्वप्रथम 40 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। माननीय मंत्री जी ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में अधिकाधिक लाभार्थियों को जोड़ने तथा लक्ष्य वृद्धि के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा में बताया गया कि जनपद के किसानों को अब तक लगभग 984 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। वहीं फसल बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 1.40 लाख किसानों को बीमित किया गया है।कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती जनपद होने के कारण खाद आपूर्ति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में न्यूरोलॉजी एवं कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। हीट वेव की स्थिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्री अमित आसेरी ने अवगत कराया कि आईसीडीएस एवं बेसिक शिक्षा विभाग की टीमों द्वारा पूरे जनपद में घर-घर ओआरएस किट का वितरण एवं जनजागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने पाइपलाइन कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा प्रत्येक गांव में नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कराकर व्यवस्थाओं का सत्यापन कराने तथा मतौंध क्षेत्र में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद की क्षतिग्रस्त सड़कों को वर्षा ऋतु से पूर्व मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।पंचायती राज विभाग की समीक्षा में प्रत्येक क्षेत्र में

सामुदायिक उपयोग हेतु बारात घरों के निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन कराने तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन विकसित करने की कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए गए।पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान जनपद के धार्मिक एवं आस्था केन्द्रों के समग्र विकास पर बल दिया गया। साथ ही प्रमुख स्मारक स्थलों पर 125 फीट ऊँचे राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की योजना पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए, जिससे नागरिकों में राष्ट्रप्रेम एवं गौरव की भावना को और सुदृढ़ किया जा सके।वन विभाग की समीक्षा में वृक्षाच्छादन क्षेत्र बढ़ाने, व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण हेतु प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, पर्याप्त सुविधाओं की उपलब्धता तथा प्रत्येक गौशाला परिसर में वृक्षारोपण एवं ट्री गार्ड स्थापना पर विशेष जोर दिया।सेतु निर्माण एवं सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी ने लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी चार परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों का भुगतान अनुबंध एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किया जाए। बाईपास पुल निर्माण कार्य में राइटिंग एवं साइनेज की गुणवत्ता सुधारने तथा शहपाटन क्षेत्र में रिन्द सेतु निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने के निर्देश भी दिए गए।उद्योग विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने हेतु लैंड बैंक का विस्तार करने तथा नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर बल दिया गया। साथ ही खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए एक वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों की सूची प्रस्तुत करने तथा उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का शीघ्र एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।कानून व्यवस्था एवं अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान अपराधों में दोषसिद्धि दर (Conviction Rate), गंभीर अपराधों में की गई कार्रवाई तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की गई। माननीय मंत्री जी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं अन्य अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु सभी विद्यालयों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए।बैठक में 05 जून से 21 जून, 2026 तक केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु भी निर्देश प्रदान किए गए।बैठक में माननीय विधायक सदर श्री प्रकाश द्विवेदी, माननीय विधायक श्रीमती ओममणि वर्मा, माननीय एमएलसी बाबूलाल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष कल्लू राजपूत, जिलाधिकारी अमित आसेरी, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) कुमार धर्मेन्द्र, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मदन मोहन वर्मा सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
