
न्यूज स्टेटस 24 (विनय निगम)बांदा। भीषण गर्मी और जल संकट से जूझ रहे बांदा जिले में इन दिनों सियासी तापमान भी चरम पर है। नदियों और पहाड़ों में जारी अंधाधुंध खनन की तरह नेता भी एक-दूसरे को नीचा दिखाने और मर्यादा हनन करने में जुटे दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में चर्चित हुए “चप्पल कांड” ने जिले की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है।जनता जहां पेयजल संकट, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान की उम्मीद कर रही है, वहीं राजनीतिक गलियारों में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप, तीखी बयानबाजी और सार्वजनिक टकराव चर्चा का विषय बने हुए हैं। इससे जिले का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है।चिंता की बात यह है कि पर्यावरणीय असंतुलन के कारण देश के सबसे गर्म जिलों में शुमार बांदा की जनता जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों से गंभीर संवाद और ठोस पहल की अपेक्षा करती है। लेकिन हालिया घटनाक्रमों ने विकास और जनहित के मुद्दों को पीछे धकेलकर राजनीतिक शोर-शराबे को केंद्र में ला दिया है।फिलहाल “चप्पल कांड” को लेकर जिले भर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। समर्थक और विरोधी अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। बांदा के लोग इन दिनों दो तरह की तपिश झेल रहे हैं—एक ओर आसमान से बरसती भीषण गर्मी और दूसरी ओर तेजी से बढ़ता सियासी तापमान।जिले में जल, जंगल, जमीन और खनन जैसे गंभीर मुद्दों पर चल रही बहस के बीच “चप्पल कांड” जैसी घटना चर्चा के केंद्र में आ गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब किसी क्षेत्र में जनहित के बड़े मुद्दे उभरते हैं, तब अक्सर राजनीतिक विमर्श का केंद्र बदलने की कोशिश होती है। बांदा में भी जलवायु संकट, खनन और पर्यावरण संरक्षण की बहस के समानांतर राजनीतिक विवादों के उभार को कई लोग इसी संदर्भ में देख रहे हैं।बांदा की जनता के सामने आज सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि किसने किस पर चप्पल फेंकी या किसने किसका अपमान किया। असली प्रश्न यह है कि आने वाले वर्षों में जिले को पानी कहां से मिलेगा, खेती कैसे बचेगी, नदियों का अस्तित्व कैसे सुरक्षित रहेगा और बढ़ते तापमान से लोगों को राहत कैसे मिलेगी।निश्चित रूप से बांदा के भविष्य का फैसला सियासी नूराकुश्ती से नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नीतियों और प्रभावी कार्ययोजनाओं से होगा।
