
न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी।चंबा (टिहरी), उत्तराखंड। सहकार भारती उत्तराखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक 26 एवं 27 मई को चंबा (टिहरी) में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों सहित प्रदेशभर से आए लगभग 50 कार्यकारिणी सदस्यों और 62 कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।बैठक में मुख्य रूप से उत्तराखंड के समग्र विकास में सहकारिता की भूमिका, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उपाय तथा सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष विनोद गौर ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक उन्नति का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार भी है।कार्यक्रम में सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता ने संगठन के उद्देश्यों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीण युवाओं एवं महिला समूहों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक के दौरान विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित सहकारी गतिविधियों और चुनौतियों को साझा किया। विचार-विमर्श के बाद यह संकल्प लिया गया कि सहकारिता के मंत्र को प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाएगा तथा सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाएगा।कार्यक्रम में उत्तराखंड सहकारिता निर्वाचन आयोग की सचिव सुश्री राम्यद्री जी ने सहकारी संस्थाओं से जुड़े निर्वाचन एवं प्रशासनिक विषयों पर तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के सुचारु संचालन और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के महत्व को भी रेखांकित किया।दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री ईशिता जी ने किया, जबकि समापन समारोह का संचालन एवं समापन प्रांत कार्यवाह दिनेश कुमार द्वारा किया गया।बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने तथा ग्रामीण विकास में उसकी भागीदारी बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।न्यूज़ स्टेटस 24 ,पूरी करे सच की जिज्ञासा ।
