
न्यूज स्टेटस 24/ हमीरपुर में एन एच 34 को लेकर जनता का आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी द्वारा “खूनी हाईवे” कहे जा रहे एन एच 34 को दुरुस्त करवाने संबंधी ज्ञापन स्वीकार न किए जाने के विरोध में आज दो समाजसेवियों और अधिवक्ताओं ने मुंडन संस्कार करवाकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।इस दौरान अधिवक्ता विनय तिवारी, जो बुंदेलखंड नव निर्माण सेना भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, तथा अधिवक्ता रमेश यादव ने प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब प्रशासन आम लोगों की पीड़ा सुनना बंद कर देता है, तब आंदोलन त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्वरूप ले लेता है।उन्होंने कहा कि एन एच 34 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों और मौतों ने क्षेत्र की जनता को झकझोर कर रख दिया है। खराब सड़क, गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी अब तक ठोस कार्रवाई नहीं कर सके हैं।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हाईवे की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा तथा इसे जनआंदोलन बनाया जाएगा।मुंडन संस्कार के माध्यम से किया गया यह विरोध क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने इसे प्रशासन के खिलाफ प्रतीकात्मक लेकिन गंभीर संदेश बताया।
