
न्यूज स्टेटस 24,नई दिल्ली। सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP नाम का एक डिजिटल अभियान जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। यह कोई चुनाव आयोग से मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी नहीं है, लेकिन इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसके बढ़ते फॉलोअर्स ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, “कॉकरोच जनता पार्टी” के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 1 करोड़ 30 लाख से लेकर 1 करोड़ 50 लाख तक पहुंच चुके हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स भारतीय जनता पार्टी यानी BJP के ऑफिशियल अकाउंट से भी अधिक हो गए हैं। यही वजह है कि यह डिजिटल अभियान लगातार चर्चा और बहस का केंद्र बना हुआ है।बताया जा रहा है कि यह अभियान युवाओं द्वारा व्यंग्यात्मक अंदाज में शुरू किया गया था। बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले, सरकारी व्यवस्थाओं से नाराजगी और राजनीतिक व्यंग्य को लेकर बनाए गए मीम्स, पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद लाखों युवा इससे जुड़ते चले गए। सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता इतनी तेजी से बढ़ी कि कुछ ही दिनों में यह देश के सबसे चर्चित डिजिटल ट्रेंड्स में शामिल हो गया।वायरल जानकारी के अनुसार, इस अभियान को डिजिटल रणनीतिकार महाराष्ट्र के अभिजीत दिपके से जोड़ा जा रहा है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसे किसी राजनीतिक संगठन का दर्जा प्राप्त नहीं है और न ही चुनावी राजनीति में इसकी कोई औपचारिक भागीदारी सामने आई है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि “कॉकरोच जनता पार्टी” का तेजी से वायरल होना इस बात का संकेत है कि देश का युवा वर्ग अब सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी और विचार खुलकर व्यक्त कर रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म राजनीतिक विमर्श और जनमत निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम बन सकते हैं।फिलहाल “कॉकरोच जनता पार्टी” एक व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया आंदोलन के रूप में देखी जा रही है, लेकिन इसके बढ़ते प्रभाव ने पारंपरिक राजनीतिक दलों की सोशल मीडिया रणनीतियों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।News Status 24“पूरी करे सच की जिज्ञासा”
