यमुना से ITI छात्र लोकेंद्र का शव बरामद , पुलिस पर लगाया था उसने उत्पीड़न का आरोप ✍🏼

न्यूज स्टेटस 24,कदौरा। जालौन जिले के कदौरा क्षेत्र से लापता ITI छात्र लोकेंद्र का शव यमुना नदी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोकेंद्र वही छात्र था, जिसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस पर प्रताड़ना, मारपीट और 8 लाख रुपये मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।वीडियो में लोकेंद्र ने कहा था कि फर्जी मुकदमे और लगातार मानसिक दबाव के कारण उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। वीडियो वायरल होने के बाद वह अचानक लापता हो गया था। करीब 50 घंटे तक पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ नगर निवासी लोकेंद्र का मोहल्ले की एक महिला से विवाद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की थी। परिजनों का आरोप है कि निष्पक्ष जांच करने के बजाय पुलिस ने छात्र पर दबाव बनाया और मामला खत्म करने के नाम पर 8 लाख रुपये की मांग की।जमानत पर घर लौटने के बाद लोकेंद्र गहरे मानसिक तनाव में था। इसके बाद वह रात में घर से निकल गया। बाद में कालपी क्षेत्र से उसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने खुद को पुलिस प्रताड़ना का शिकार बताया था।अब यमुना नदी से शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है और कदौरा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, छात्र द्वारा वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!