
न्यूज स्टेटस 24 (विवेक द्विवेदी) कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। पतारा कस्बे के तिलसड़ा मोड़ पर बरातियों से भरी एक ईको वैन और डंपर की टक्कर के बाद हाईवे पर एक के बाद एक छह वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में 20 लोग घायल हो गए, जबकि कानपुर-सागर हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे बरातियों से भरी ईको वैन तिलसड़ा मोड़ पर मुड़ते समय अचानक बंद हो गई। इसी दौरान घाटमपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने वैन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे आ रहे कई वाहन आपस में भिड़ते चले गए और देखते ही देखते हाईवे पर छह गाड़ियों की चेन टक्कर हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पतारा चौकी पुलिस और एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल पतारा सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना के चलते कानपुर-सागर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने रमईपुर चौराहे से रूट डायवर्जन लागू किया। एनएचआई की क्रेन और जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया गया।घायलों को बचाने के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा भी घायल हो गए। वैन में फंसे लोगों को निकालते समय लोहे की चादर से उनके हाथ में चोट लग गई।हादसे में घायल लोगों में आशीष शर्मा निवासी सिंगरसी भोगनीपुर कानपुर देहात, रुद्र निवासी सनाथ खेड़ा मूसानगर, प्रांशु शुक्ला, सागर, प्रदीप, मोहित, राजेश, रामबहादुर, अजय कुमार, नरेश, मनोज कुमार, जयराम, खुशीराम समेत कई लोग शामिल हैं। वहीं सर्वेश कुमार, हाशिम और सलमान भी घायल हुए हैं। कुछ घायलों ने निजी अस्पतालों में इलाज कराया।
