

न्यूज स्टेटस 24 (विनय निगम ब्यूरो चीफ बुंदेलखंड) बांदा । जिलाधिकारी अमित आसेरी ने आज जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर, चल रहे निर्माण और नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने इनडोर वॉलीबॉल हॉल के रिनोवेशन, निर्माणाधीन कबड्डी हॉल, जिम हॉल और बैडमिंटन कोर्ट का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिम हॉल में समुचित लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिम हॉल के बाहर पड़े अनुपयोगी सामान को तत्काल हटाने को कहा, ताकि परिसर की साफ-सफाई और सुव्यवस्था बनी रहे।कबड्डी हॉल के निर्माण कार्य को शीघ्र और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए। वहीं वॉलीबॉल हॉल में फ्लोरिंग की खामियों को दुरुस्त करने तथा फॉल सीलिंग की लाइटों को ठीक कराने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और जिला क्रीड़ा अधिकारी को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चेंज रूम, बाउंड्री वॉल, शौचालय निर्माण, फेंसिंग और प्लॉटिंग के कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए आवश्यक स्थानों पर मिट्टी डालकर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।उन्होंने स्टेडियम के मुख्य गेट को स्वीकृति दिलाने के संबंध में भी निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित कार्यदायी संस्था, सीएनडीएस एवं यूपीपीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।
