
News Status 24, नई दिल्ली । केंद्र सरकार लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और लोकसभा में महिला आरक्षण लागू करने के लिए बिल ला सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 816 करने का प्रस्ताव ला रही है, जिनमें से 273 सीटें महिलाओं के लिए

आरक्षित होंगी। 2011 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाकर परिसीमन करने की तैयारी है। इसके तहत कुल सीटों में से 33% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।816 सीटों के प्रस्तावित आंकड़े के अनुसार, महिलाओं के लिए 273 सीटें आरक्षित हो सकती हैं। सरकार इस प्रक्रिया को कानूनी रूप देने के लिए मौजूदा सत्र में नया संशोधन विधेयक ला सकती है। इस विषय पर मल्लिकार्जुन खरगे विपक्षी सांसदों के साथ अहम बैठक कर चुके हैं, वहीं आज (मंगलवार को) एनडीए नेताओं की बैठक में आगे का पूरा रोडमैप तय किया जाना है। किस राज्य में बढ़ेंगी कितनी सीटें?प्रस्ताव के अनुसार, अब उत्तर प्रदेश में 80 की जगह 120, बिहार में 40 के बजाय 60, पश्चिम बंगाल में 42 से बढ़कर 63, तमिलनाडु में 39 के बजाय 59, महाराष्ट्र में 48 की जगह 72, कर्नाटक में 28 के बजाय 42, केरल में 20 की जगह 30, आंध्र प्रदेश में 25 के बजाय 38, गुजरात में 26 से बढ़कर 39, राजस्थान में 25 के बजाय 38, दिल्ली में 7 की जगह 11, ओडिशा में 21 के बजाय 32 और झारखंड में 14 से बढ़कर 21 लोकसभा सीटें होंगी। न्यूज स्टेटस 24 – विवेक द्विवेदी, संपादक
