
न्यूज स्टेटस 24 जयप्रकाश निगम ब्यूरो चीफ बांदा। विकासखंड बबेरू के ग्राम आहार और ग्राम पेस्टा में चेक डैम के कारण उत्पन्न गंभीर जलभराव की me समस्या को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, उत्तर प्रदेश ने मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से स्थलीय निरीक्षण और ठोस कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में ग्राम आहार की गंभीर स्थिति की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया गया कि सिंचाई विभाग द्वारा गांव के अंदर नया चेक डैम बनाए जाने के कारण पुराने रास्ते में अत्यधिक मात्रा में पानी भर गया है। जलभराव की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और पानी ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी रास्ते से राजकीय हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं का भी प्रतिदिन आवागमन होता है, जिससे स्कूली बच्चों के सामने डूबने और किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में इसी रास्ते से निकलते समय कुछ बच्चे पानी में डूबने लगे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर किसी तरह बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है। वहीं बबेरू ब्लॉक के ग्राम पेस्टा में भी जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित कर रखा है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम आहार और ग्राम पेस्टा दोनों स्थानों पर तत्काल टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराया जाए और चेक डैम से उत्पन्न जलभराव की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। साथ ही ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पानी की निकासी सहित आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक उपाय तत्काल किए जाएं। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यह मामला केवल जलभराव का नहीं बल्कि ग्रामीणों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए प्रशासन को किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करनी चाहिए।
