

न्यूज स्टेटस 24, विवेक द्विवेदी ✍🏼 गोंडा। सहकार भारती देवीपाटन मंडल सहकार भारती ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर जनपद गोंडा के कर्नलगंज में जिला बहराइच एवं गोंडा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में सहकारिता, संगठन विस्तार तथा लोकमाता अहिल्याबाई

होलकर के जीवन एवं कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के मुख्य अतिथि सहकार भारती के प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे रहे। कार्यक्रम में प्रदेश संपर्क प्रमुख अशोक शुक्ला तथा विभाग संयोजक अशोक वर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।बैठक का शुभारंभ भारत माता, लक्ष्मण राव इनामदार तथा लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अरविंद दुबे ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्श जीवन, उनके लोककल्याणकारी कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसके लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया।अशोक शुक्ला ने संगठन की मजबूती तथा सहकारिता आधारित कार्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

किया।बैठक में त्रिलोकी सिंह चौहान, शैलेन्द्र मिश्रा, विक्रम बहादुर सिंह, बजरंगी पाण्डेय, मधुर पाठक, नीरज मिश्र, शिवकुमारी, अनीता गोस्वामी, राहुल सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में सहकारी बंधु एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन सहकारिता के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। NEWS STATUS 24 . KANPUR
