
न्यूज स्टेटस 24, लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती की अध्यक्षता में रविवार को लखनऊ में हुई बहुजन समाज पार्टी की अहम समीक्षा बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जनाधार विस्तार को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जोनल और जिला स्तर के जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल हुए।बैठक के दौरान मायावती ने साफ शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में BSP एक बार फिर मजबूती के साथ वापसी की तैयारी कर रही है और पार्टी का लक्ष्य पांचवीं बार सरकार बनाना है। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव, कस्बों और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं तथा जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखें।मायावती ने कहा कि वर्तमान समय में देश और प्रदेश के सामाजिक तथा आर्थिक हालात काफी कड़वे और दुखद हैं। आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और रोजी-रोटी की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों समर्थक राजनीति के कारण गरीब, दलित, पिछड़े और मध्यम वर्ग के लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि सरकारों को अपनी कल्याणकारी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ना चाहिए और कानून व्यवस्था, रोजगार तथा आमजन की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए। मायावती ने यह भी कहा कि लोगों का आत्म-सम्मान के साथ जीना मुश्किल होना बेहद दुखद स्थिति है।बैठक में BSP के पक्ष में बढ़ते जनरुझान का दावा करते हुए मायावती ने कार्यकर्ताओं से विपक्षी दलों की “संकीर्ण राजनीति” से बचने और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता अब एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प की तलाश में है और BSP उस उम्मीद पर खरा उतर सकती है।पार्टी नेतृत्व ने आगामी चुनावों को देखते हुए मजबूत, साफ छवि और जन-उपयोगी प्रत्याशियों के चयन पर विशेष जोर दिया। साथ ही संगठन को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।बैठक के अंत में मायावती ने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर BSP और उनके नेतृत्व पर विश्वास जताएगी तथा पार्टी प्रदेश में नई राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी।News Status 24, पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍🏼
