
विवेक द्विवेदी , न्यूज स्टेटस 24,पौड़ी गढ़वाल । देवभूमि उत्तराखण्ड के पौड़ी गढ़वाल स्थित श्री हरि विष्णु पंचदेव मंदिर, पंचूर में आयोजित भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह एवं श्री श्री हरि विष्णु महायज्ञ में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सहभागिता कर सनातन संस्कृति और राष्ट्र की एकता का संदेश दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और यज्ञ अनुष्ठान के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “हमारा देश और सनातन धर्म सुरक्षित है, तभी हम सब सुरक्षित हैं।” उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान और जीवन पद्धति है। सनातन परंपरा ने सदियों से समाज को एकता, सेवा और राष्ट्रभक्ति का मार्ग दिखाया है।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे देश को प्रेरित करती है और ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जुड़ने का आह्वान भी किया।इस अवसर पर पूज्य साधु-संतों एवं धर्माचार्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह और महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की गई। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से अभिभूत कर दिया।
