
लखनऊ से बड़ी खबर—न्यूज स्टेटस 24 ( विवेक द्विवेदी)। स्मार्ट मीटर को लेकर प्रदेशभर में चल रहे विवाद के बीच योगी सरकार ने बड़ा यू-टर्न लिया है। लगातार हो रहे विरोध और उपभोक्ताओं की शिकायतों को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था को प्रभावी रूप से समाप्त करने का निर्णय लिया है।अब राज्य में लगे स्मार्ट मीटर प्रीपेड नहीं बल्कि पोस्टपेड की तरह काम करेंगे। यानी उपभोक्ताओं को पहले रिचार्ज कराने की बाध्यता नहीं रहेगी, बल्कि वे बिजली इस्तेमाल करने के बाद बिल का भुगतान कर सकेंगे। सरकार का यह फैसला उन लाखों उपभोक्ताओं को राहत देने वाला माना जा रहा है, जो प्रीपेड सिस्टम में मामूली बकाया होने पर भी बिजली कटने से परेशान थे।नई व्यवस्था के तहत अब एक महीने तक बकाया रहने पर भी बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसके साथ ही बकाया बिल को किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे आम उपभोक्ताओं पर एकमुश्त भुगतान का दबाव कम होगा।ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी सभी शिकायतों और तकनीकी खामियों का तत्काल निस्तारण किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी देने के लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।सरकार के इस फैसले को जनता के दबाव के आगे झुकने के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन इससे आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत जरूर मिली है। NEWS STATUS 24, पूरी करे सच की जिज्ञासा ✍️
