
नई दिल्ली।मध्य पूर्व में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब सीधे भारत के शेयर बाजार पर दिखाई देने लगा है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स व निफ्टी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स करीब 1400 अंकों तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी भी सैकड़ों अंकों की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करता दिखा। वैश्विक बाजारों में फैली अनिश्चितता और निवेशकों की घबराहट के कारण बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। विशेषज्ञों के मुताबिक, युद्ध की आशंका के कारण कच्चे तेल की कीमतें 110 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं, जिससे भारत जैसी तेल आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। इसी कारण विदेशी निवेशक भी भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं और बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के बाद से भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों को बड़ा झटका लगा है और कुछ ही दिनों में बाजार पूंजीकरण से लगभग 30 लाख करोड़ रुपये तक की संपत्ति साफ हो चुकी है। आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ईरान-इजराइल-अमेरिका का यह संघर्ष लंबा चला, तो इसका असर केवल शेयर बाजार ही नहीं बल्कि महंगाई, रुपये की कीमत और भारत की आर्थिक वृद्धि पर भी पड़ सकता है।(News Status 24 — जो पूरी करे सच की जिज्ञासा)– संपादक – विवेक द्विवेदी
