भाजपा में अनुशासनहीनता करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

-उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में अब संगठनात्मक अनुशासन तोड़ना और सार्वजनिक मंचों पर असंतोष जाहिर करना महंगा पड़ सकता है। पार्टी नेतृत्व ने साफ संकेत दिए हैं कि अब बगावती तेवर दिखाने वाले नेताओं और

जनप्रतिनिधियों को जवाबदेह बनाया जाएगा।यूपी भाजपा अनुशासन समिति की ओर से ऐसे नेताओं और पदाधिकारियों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाने की तैयारी है, जो पार्टी कार्यक्रमों के दौरान या सार्वजनिक रूप से संगठन विरोधी बयानबाज़ी कर रहे हैं। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित नेता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।पार्टी सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में कई विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों की नाराज़गी खुलकर सामने आई है। विकास कार्यों को लेकर आपसी आरोप-प्रत्यारोप, संगठनात्मक निर्णयों पर सार्वजनिक असहमति और आपसी कलह ने पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया है, जिसको लेकर शीर्ष नेतृत्व गंभीर है।भाजपा नेतृत्व का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यदि ऐसे बगावती तेवरों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो इसका सीधा नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यूपी भाजपा अनुशासन समिति अब नेताओं की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी।पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि विकास कार्यों, संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को लेकर किसी भी तरह की अंदरूनी कलह सार्वजनिक न हो। संगठन के भीतर मतभेदों को पार्टी फोरम पर सुलझाने की हिदायत दी गई है।भाजपा सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है, ताकि पार्टी की एकजुटता और सार्वजनिक छवि को मजबूत रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!